ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में कहानियां अक्सर ताज पहनने के पल पर खत्म हो जाती हैं, लेकिन जयपुर की निहारिका राठौड़ की कहानी में असली मोड़ फिनाले के बाद आया। अगस्त में जयपुर के अनंत महल में हुए मिस फ्यूजन इंडिया के ग्रैंड फिनाले में निहारिका फर्स्ट रनर-अप रहीं और 'द मिस ग्लोब इंडिया' का ताज अदिति भटनागर के सिर सजा। अब करीब एक महीने बाद तस्वीर बदल गई है। अदिति के किसी कारणवश आगे जारी न रख पाने के बाद आयोजकों ने 30 सितंबर को निहारिका को 'द मिस ग्लोब इंडिया' घोषित किया है।
अब निहारिका थाईलैंड के फुकेट में होने वाले 'द मिस ग्लोब 2026' के मंच पर भारत की ओर से उतरेंगी। प्रतियोगिता 24 अक्टूबर से शुरू होगी और 7 नवंबर को ग्रैंड फिनाले होगा।
मिस राजस्थान में टूटा सपना, फिर की वापसी
निहारिका का पेजेंट सफर आसान नहीं रहा। इससे पहले वह मिस राजस्थान प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी हैं, लेकिन पैर में चोट लगने की वजह से वहां मनचाहा मुकाम हासिल नहीं कर सकीं। उन्होंने हार नहीं मानी और मिस फ्यूजन इंडिया के मंच से फिर शुरुआत की। आज वही लड़की इंटरनेशनल रैंप की तैयारी में जुटी है।
रैंप के साथ कानून की किताबें भी
ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने के साथ निहारिका पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं। वह फिलहाल जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उनके पिता अजीत सिंह राठौड़ प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े हैं और माता मीनाक्षी राठौड़ गृहिणी हैं।
फैशन पर रहेगा फोकस: नेशनल कॉस्ट्यूम से गाउन राउंड तक
किसी भी इंटरनेशनल पेजेंट में सबसे ज़्यादा चर्चा नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड की होती है, और निहारिका की टीम इस पर खास काम कर रही है। मिस ग्लोब इंडिया के आयोजक और निहारिका के मेंटोर योगेश मिश्रा व निमिषा मिश्रा के मुताबिक, जयपुर के फैशन डिजाइनर ऐसे परिधान तैयार कर रहे हैं जिनमें राजस्थान की पारंपरिक विरासत और मॉडर्न फैशन दोनों की झलक दिखेगी। नेशनल कॉस्ट्यूम के अलावा गाउन राउंड और बाकी प्रस्तुतियों के लुक्स पर भी काम चल रहा है।
लुक्स के साथ-साथ निहारिका की स्टेज प्रेजेंस, कम्युनिकेशन स्किल्स और पर्सनैलिटी ग्रूमिंग पर भी ट्रेनिंग दी जा रही है, क्योंकि इंटरनेशनल पेजेंट में इंटरव्यू और Q&A राउंड अक्सर फैसला पलट देते हैं।
भारत को दूसरे ताज का इंतज़ार
'द मिस ग्लोब' में भारत अब तक एक ही बार विजेता रहा है, जब 2016 में डिंपल चेतन पटेल ने यह खिताब जीता था। आयोजकों के अनुसार, निहारिका इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली राजस्थान की पहली प्रतिभागी हैं। अब देखना होगा कि जयपुर की यह बेटी फुकेट के मंच पर देश के लिए दूसरा ताज ला पाती है या नहीं।