चोट से ताज तक: जयपुर की निहारिका राठौड़ अब 'द मिस ग्लोब 2026' के ग्लोबल रैंप पर बिखेरेंगी जलवा
मिस फ्यूजन इंडिया में फर्स्ट रनर-अप रहीं निहारिका को अदिति भटनागर की जगह मिला 'द मिस ग्लोब इंडिया' का ताज, फुकेट में नेशनल कॉस्ट्यूम और गाउन राउंड पर रहेगी सबकी नज़र




ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में कहानियां अक्सर ताज पहनने के पल पर खत्म हो जाती हैं, लेकिन जयपुर की निहारिका राठौड़ की कहानी में असली मोड़ फिनाले के बाद आया। अगस्त में जयपुर के अनंत महल में हुए मिस फ्यूजन इंडिया के ग्रैंड फिनाले में निहारिका फर्स्ट रनर-अप रहीं और 'द मिस ग्लोब इंडिया' का ताज अदिति भटनागर के सिर सजा। अब करीब एक महीने बाद तस्वीर बदल गई है। अदिति के किसी कारणवश आगे जारी न रख पाने के बाद आयोजकों ने 30 सितंबर को निहारिका को 'द मिस ग्लोब इंडिया' घोषित किया है।
अब निहारिका थाईलैंड के फुकेट में होने वाले 'द मिस ग्लोब 2026' के मंच पर भारत की ओर से उतरेंगी। प्रतियोगिता 24 अक्टूबर से शुरू होगी और 7 नवंबर को ग्रैंड फिनाले होगा।
मिस राजस्थान में टूटा सपना, फिर की वापसी
निहारिका का पेजेंट सफर आसान नहीं रहा। इससे पहले वह मिस राजस्थान प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी हैं, लेकिन पैर में चोट लगने की वजह से वहां मनचाहा मुकाम हासिल नहीं कर सकीं। उन्होंने हार नहीं मानी और मिस फ्यूजन इंडिया के मंच से फिर शुरुआत की। आज वही लड़की इंटरनेशनल रैंप की तैयारी में जुटी है।
रैंप के साथ कानून की किताबें भी
ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने के साथ निहारिका पढ़ाई भी जारी रखे हुए हैं। वह फिलहाल जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उनके पिता अजीत सिंह राठौड़ प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े हैं और माता मीनाक्षी राठौड़ गृहिणी हैं।






























































